- बॉलीवुड 3 इडियट्स के सीक्वल की शूटिंग अप्रैल से : आमिर खान, करीना, माधवन और शरमन की होगी वापसी
-
Sep 21, 2026
125
साल 2009 की ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म '3 इडियट्स' के सीक्वल की शूटिंग अप्रैल 2027 से शुरू हो सकती है। निर्देशक राजकुमार हिरानी इस समय फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं।
मिड-डे की रिपोर्ट के मुताबिक, आमिर खान फरवरी में फिल्म की फाइनल स्क्रिप्ट पढ़ेंगे, जिसके बाद प्रोजेक्ट पर आधिकारिक काम आगे बढ़ेगा। इस सीक्वल में आमिर खान के साथ करीना कपूर खान, आर माधवन और शरमन जोशी की मुख्य स्टारकास्ट के दोबारा साथ आने की उम्मीद है। '3 इडियट्स' का सीक्वल फिलहाल राइटिंग स्टेज में है। राजकुमार हिरानी और उनकी टीम अगले साल की शुरुआत में स्क्रिप्ट का फाइनल ड्राफ्ट तैयार कर लेगी। आमिर खान फरवरी में इस स्क्रीनप्ले को पढ़ेंगे और अपनी सहमति देंगे। आमिर खान की मंजूरी मिलने के तुरंत बाद मेकर्स अप्रैल 2027 में फिल्म को फ्लोर पर ले जाने का प्लान बना रहे हैं।
सीक्वल में 2009 की मूल फिल्म के मुख्य कलाकारों को फिर से एक साथ पर्दे पर लाने की योजना है। फिल्म में आमिर खान (रैंचो), आर माधवन (फरहान) और शरमन जोशी (राजू) की लोकप्रिय तिकड़ी के साथ करीना कपूर खान (पिया) भी अपनी भूमिकाओं में नजर आ सकती हैं। 2009 में रिलीज हुई '3 इडियट्स' ने बॉक्स ऑफिस पर कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाए थे। '3 इडियट्स' के सीक्वल से पहले आमिर खान निर्देशक आशुतोष गोवारिकर की स्पोर्ट्स-ड्रामा फिल्म 'ललकारा' की शूटिंग पूरी करेंगे। वे इसी साल अक्टूबर से मार्च 2027 तक 'ललकारा' के शूटिंग शेड्यूल में बिजी रहेंगे। यह फिल्म 1952 में पाकिस्तान के खिलाफ हुई ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज और भारतीय क्रिकेट टीम के तत्कालीन कप्तान लाला अमरनाथ की कहानी पर आधारित है।